टियूसन वाला प्यार
गाँव के लड़के का क्रश।
अबे प्यार किए हो? नही किए हो न! मैंने भी नही किया है। लेकिन इ प्यार होता क्या है यार।? फ़िल्म बड़ी देखते है, फ़िल्म देख के जोश आ जाता है। लगता है हम भी किसी से प्यार करे, मुहब्बत करें।
लेकिन भाई एक ठो बात बताए तुमको, मेरे साथ न बहुते गज्जब हो रहा यार कुछ दिन से। एक लड़की है, मेरे टयूशन की ही है। देखने में मूर्ति जैसी लगती है।
एक बार हमसे पैन मांगी थी, यार उस दिन मजा आ गया था। सब लड़का उसके पीछे पड़ा रहता है। हम ना उसके लिए रोज नया कमीज पहनकर जाते है और वो फोग वाला परफ्यूम भी गमका देते है ट्यूशन में। रोज सिर्फ भगवान से यही दुआ करके निकलते है कि आज वो हमसे कुछ बात कर लें। हम भी न बड़ी डरपोक है यार। डर लगता है अगर कुछ बोले और वो चप्पल खोल के मर दी तो, झूठ में बदनाम हो जाएंगे भई।
रोज उसके चक्कर में बाजार में साइकिल से दौड़ते रहते है। उसका पीछा तबतक करते है जब तक उसका घर न आ जाए। यार बहुत सुंदर है वो भाई एकदम मूर्ति जैसे।
हम इतना पागल है न कि रोज हम उसके साथ शादी तक के बारे में सोच लेते है। पढ़ने में भी बहुत ठीक है यार, बस मेरा पढ़ाई चौपट कर दी वो।
सबसे बड़ी बात पता है, हम उसका नम्बर भी जुगाड़ कर लिए है।
एक दिन फोन किए थे, वो उधर से हेल्लो हेल्लो बोलती रही हमी कुछ नही बोले डर से।
एकदिन फेसबुक पे भी खोज निकाले उसको। बिना फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे मैसेज भेज दिए यार। उधर से जानते हो वो क्या मैसेज भेजी!
बोली कि तुम उल्लू हो। अच्छा भाई तुम बताओ यार हम उल्लू है क्या?
नही है न उल्लू हम। लेकिन यार अब मन करता है कि वो हमको बार बार उल्लू बोले। उल्लू सुनने के लिए हम एक दूसरा id बनाएं और फिर बिना रिक्वेस्ट भेजे मेसेज कर दिए ताकि वो हमको फिर से उल्लू बोले।
लेकिन जानते हो वो क्या मैसेज भेजी। वो बोली कि परेशान मत करो मेरा बॉयफ्रेंड है।
एकदम से भाई उस समय अंधेरा छा गया यार आँख के सामने।
कांपने लगा एकदम पैर हाथ। हम कुछु नही बोल पाए भाई।
वो ट्यूशन में भी सबको बता दी यार इ वाला बात की वो मेरी क्रश है।
इ क्रश क्या होता है भाई? शहर में क्रश को प्रेमिका बोलता है क्या?
-Nill Mehra
Comments
Post a Comment